बीकानेर, 27 नवंबर। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (MGSU), बीकानेर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत नशा मुक्त अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रभुदान चारण एवं डॉ. प्रगति सोबती ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनना चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और इसके सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त युवा को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने, स्वयं नशे का सेवन नहीं करने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
