केशव दत्त आचार्य की मौत के बाद परिवार ने उठाए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल, बोले- केवल चालक की गिरफ्तारी से पूरी नहीं होगी जवाबदेही

बीकानेर। नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए केशव दत्त आचार्य की उपचार के दौरान मौत के मामले में अब परिवार ने नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था और उसकी जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. शरद दत्त आचार्य एवं परिवार ने स्पष्ट कहा कि यह मामला केवल एक सड़क दुर्घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा, प्रशासनिक जवाबदेही और नगर निगम की कार्यप्रणाली से भी जुड़ा हुआ है।

 

परिवार ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 को नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से केशव दत्त आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उपचार के दौरान परिवार ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन 9 नवंबर 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार, यह उनके लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन इस घटना से जुड़े सवालों के जवाब मिलना भी जरूरी है।

 

परिवार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले में जांच आगे बढ़ी और 23 नवंबर को चालक की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। परिवार ने पुलिस कार्रवाई का सम्मान करते हुए सवाल उठाया कि क्या केवल चालक की गिरफ्तारी से पूरे मामले की जिम्मेदारी तय हो जाती है? क्या वाहन संचालन, चालक की नियुक्ति, लाइसेंस सत्यापन, प्रशिक्षण, वाहन की फिटनेस, बीमा, जीपीएस और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल चालक की है या संबंधित ठेका एजेंसी और नगर निगम के अधिकारियों की भी जवाबदेही बनती है?

 

टेंडर प्रक्रिया और ठेका आवंटन पर भी उठाए सवाल

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिवार ने नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था के टेंडर और ठेका आवंटन प्रक्रिया को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने पूछा कि कचरा संग्रहण का टेंडर कब जारी हुआ, कितनी कंपनियों ने भाग लिया, कौन पात्र और कौन अपात्र घोषित हुआ, एल-1 कौन रहा तथा अंतिम ठेका किस कंपनी को और कितनी राशि में दिया गया? अनुबंध की शर्तें क्या थीं और वर्तमान में कचरा संग्रहण का कार्य किस वैध अनुबंध अथवा कार्यादेश के आधार पर संचालित हो रहा है?

 

परिवार ने कहा कि यदि किसी ठेके का अनुबंध समाप्त हो चुका है तो उसके बाद कार्य संचालन की अनुमति किस अधिकारी ने और किस नियम के तहत दी? भुगतान किस आधार पर किया जा रहा है? इन सभी सवालों के जवाब दस्तावेजों के साथ सार्वजनिक किए जाने चाहिए।

 

ACB से भी की जांच की मांग

 

परिवार ने बताया कि इस विषय की गंभीरता को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक से फोन पर संपर्क कर जांच की आवश्यकता से अवगत कराने का प्रयास किया गया। वहीं बीकानेर एसीबी के श्री आशीष कुमार से भी संपर्क कर संबंधित ठेका प्रक्रिया एवं संभावित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई है।

 

परिवार ने स्पष्ट किया कि वे किसी कंपनी या अधिकारी को बिना जांच दोषी नहीं ठहरा रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक धन और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है।

 

नगर निगम आयुक्त से सीधे पूछे जवाब

 

परिवार ने नगर निगम आयुक्त से सवाल किया कि क्या सभी कचरा संग्रहण वाहनों और चालकों का सत्यापित रिकॉर्ड उपलब्ध है? क्या चालकों के लाइसेंस एवं प्रशिक्षण की नियमित जांच होती है? क्या ठेका एजेंसियों के कार्यों का निरीक्षण किया जाता है? क्या सभी वाहन अनुबंध की शर्तों के अनुसार संचालित हो रहे हैं? यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

 

परिवार ने जिला प्रशासन सहित सांसद, विधायक, महापौर, उपमहापौर और सभी पार्षदों से इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय नागरिक सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही के रूप में देखा जाना चाहिए।

 

परिवार की प्रमुख मांगें

 

* केशव दत्त आचार्य की दुर्घटना एवं मौत की निष्पक्ष जांच हो।

 

* दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक के सभी दस्तावेजों की जांच की जाए।

 

* संबंधित ठेका एजेंसी की भूमिका और जिम्मेदारी तय हो।

 

* कचरा संग्रहण टेंडर प्रक्रिया के सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।

 

* वर्तमान कचरा संग्रहण व्यवस्था के वैध अनुबंध और कार्यादेश की स्थिति स्पष्ट की जाए।

 

* संभावित अनियमितताओं की सक्षम जांच एजेंसी से जांच करवाई जाए।

 

* शहर में संचालित सभी कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट करवाया जाए।

 

* जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो।

 

अंत में डॉ. शरद दत्त आचार्य एवं परिवार ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शिता के लिए है। केशव दत्त आचार्य अब उनके बीच नहीं हैं और उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन उनके साथ हुई घटना से जुड़े सवालों को अनुत्तरित नहीं छोड़ा जाएगा। परिवार ने दो टूक कहा कि वे लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से जवाब, दस्तावेज और निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेंगे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

सिंचित क्षेत्र विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई

  बीकानेर, 27 नवम्बर। सिंचित क्षेत्र विकास आयुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि भ…