देश की रक्षा करने वालों के सम्मान में कोटा में जुटेगा सैन्य परिवार, 29 नवंबर को पूर्व सैनिक रैली

 

जयपुर/कोटा, 28 नवंबर। भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के सम्मान, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में गांडीव डिवीजन की ओर से 29 नवंबर 2026 को कोटा मिलिट्री स्टेशन में पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान के कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ जिलों के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सहभागिता रहेगी।

 

रैली में लेफ्टिनेंट जनरल वीएस देशपांडे, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, चेतक कोर सहित वरिष्ठ सैन्य एवं नागरिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान देश की सेवा में निःस्वार्थ योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों और सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिजनों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

इस आयोजन में लगभग 1,000 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के शामिल होने की संभावना है। रैली के दौरान पूर्व सैनिकों की पेंशन, दस्तावेज, प्रशासनिक एवं अन्य कल्याणकारी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। विभिन्न रिकॉर्ड कार्यालयों, पुलिस, नागरिक प्रशासन और बैंकों के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं के निस्तारण में सहयोग देंगे।

 

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण व्यापक चिकित्सा शिविर भी रहेगा। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), मिलिट्री हॉस्पिटल एवं डेंटल सेंटर, कोटा के तत्वावधान में आयोजित शिविर में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को चिकित्सा परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

 

राजस्थान की गौरवशाली सैन्य परंपरा और सशस्त्र बलों में प्रदेश के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। रैली का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों तक कल्याणकारी सुविधाएं पहुंचाने के साथ सेना और पूर्व सैनिक समुदाय के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करना है।

 

यह आयोजन भारतीय सेना की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।

 

जारीकर्ता:

लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन

जन संपर्क अधिकारी (रक्षा), राजस्थान

पत्र सूचना कार्यालय (रक्षा शाखा), भारत सरकार

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

धोलेरा नंबर-1 को मिली नई सरपंच, सरस्वती देवी लखेसर ने संभाली ग्राम पंचायत की कमान

बीकानेर। बीकानेर पंचायत समिति की नवसृजित ग्राम पंचायत धोलेरा नंबर-1 की नवनिर्वाचित सरपंच स…