बीकानेर, 28 नवम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर के पशु पोषण विभाग द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान, नई दिल्ली द्वारा वित्त पोषित 10 दिवसीय शोर्ट कोर्स शनिवार को “जलवायु-अनुकूल पोषणः पशुधन उत्पादन की स्थिरता और लचीलेपन को बढ़ाना“ विषय पर प्रारंभ हुआ। डॉ. ए.के. सामंता, सहायक महानिदेशक (पशु पोषण एवं शरीर क्रिया विज्ञान), आई.सी.ए.आर. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने सम्बोधन में कहा कि जिस तरह बूंद बूंद सिंचाई होती है उसी प्रकार हर ग्राम खाद्य का समुचित उपयोग होना चाहिए। उन्होंने बताया की खाद्यान्न में आवश्यक घटकों की उपस्थिति पशु स्वास्थ्य के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य को भी प्रभावित करती है अतः इन घटकों की उपस्थिति पर विशेष जोर देना चाहिए ताकि गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न मिल सकें। उन्होंने खाद्य सुरक्षा, मायक्रोबियल पाचन, मीथेन उत्सर्जन आदि विषयों पर भी शोध की वर्तमान समय की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने आई.सी.ए.आर. को इस दिवसीय शार्ट कोर्स को राजुवास द्वारा आयोजन करने की स्वीकृति हेतु धन्यवाद दिया एवं कहा कि जलवायु परिवर्तन के अनुरूप पशुधन स्वास्थ्य, खाद्य एवं चारा सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु प्रयास जरूरी है। इस दस दिवसीय शोर्ट कोर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा पशु उत्पादन एवं पशु स्वास्थ्य पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव विचार विमर्श से विभिन्न जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने में सहायता मिलेगी। डीन वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने उद्घाटन सत्र में स्वागत भाषण देते हुए बताया की यह शोर्ट कोर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम जलवायु-अनुकूल पोषण, पशुधन उत्पादन की स्थिरता और लचीलेपन को बढाने के परिपेक्ष्य में सारग्रभित प्रयास सहायक होगा। कोर्स के निदेशक डॉ. राजेश नेहरा ने बताया की इस कोर्स में सात राज्यों से 19 प्रतिभागी सम्मिलित हुए है। 10 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे एवं आई.सी.ए.आर. के विभिन्न संस्थानों का भ्रमण करवाया जाएगा। इस शोर्ट कोर्स के समन्वयक डॉ. दिनेश जैन और कोर्स संयोजक डॉ. अरुण झीरवाल एवं डॉ. अमित चौधरी है। कार्यक्रम के दौरान निदेशक क्लिनिक्स प्रो. प्रवीण बिश्नोई, निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. देवी सिंह, निदेशक कार्य डॉ. एन.एस. राठौड़, फैकल्टी सदस्य, शोर्ट कोर्स के प्रतिभागी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
