बीकानेर। पर्यावरणीय स्थिरता, सतत विकास और विकिरण विषविज्ञान की चुनौतियों पर वैज्ञानिक विमर्श के उद्देश्य से राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन Multidisciplinary Research in Environmental Sustainability and Radiation Toxicology (ICMRESRT-2026) का 28 नवंबर को समापन हुआ। सम्मेलन का केंद्रीय संदेश ‘Be Kind to Mother Nature’ रहा, जिसके माध्यम से प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और टिकाऊ विकास की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों का दोहन तथा विकिरणों से मानव स्वास्थ्य और पारिस्थितिकी पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने माना कि इन चुनौतियों का समाधान किसी एक विषय तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, जैवविज्ञान और चिकित्सा विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों के संयुक्त अनुसंधान एवं सहयोग से ही प्रभावी समाधान तलाशे जा सकते हैं।
सम्मेलन की संयोजक प्रो. ममता शर्मा ने अपने बीज वक्तव्य में मां के दूध में कीटनाशकों की विषाक्तता का मुद्दा उठाते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता बताया। उन्होंने बीकानेर में इस समस्या के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए इसके प्रति वैज्ञानिक जागरूकता और शोध की आवश्यकता रेखांकित की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अखिल रंजन गर्ग रहे। समारोह की अध्यक्षता टांटिया विश्वविद्यालय, श्रीगंगानगर के कुलपति डॉ. एम.एम. सक्सेना ने की। मलेशिया के डॉ. प्रेम अधीश लेखी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. एम.एम. सक्सेना ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों का दायित्व केवल ज्ञान का प्रसार करना नहीं, बल्कि ऐसे शोध और विचार विकसित करना भी है, जो सामाजिक एवं पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान में योगदान दें। डॉ. प्रेम अधीश लेखी ने पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग, शोध अनुभवों के आदान-प्रदान और साझा वैश्विक उत्तरदायित्व को आवश्यक बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर.के. पुरोहित ने कहा कि ऐसे सम्मेलन विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को नए शोध क्षेत्रों से जोड़ने तथा बहुविषयक ज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं।
सम्मेलन में देश-विदेश के 30 बीज वक्ताओं सहित 500 से अधिक शोधार्थियों और शिक्षाविदों ने भाग लेकर शोधपरक विचार साझा किए। प्रातःकालीन चतुर्थ ऑफलाइन सत्र में नौ शोधार्थियों एवं विशेषज्ञों ने शोध पत्रों का वाचन किया। इस सत्र की अध्यक्षता हेमेन्द्र सिंह भंडारी एवं आनंद खत्री ने की। समानांतर ऑनलाइन सत्र की अध्यक्षता प्रो. सोनू सेवा एवं अभिलाषा अला ने की, जिसमें 12 वक्ताओं ने अपने विचार रखे। पंचम सत्र में बबीता जैन, लीना शरण, देवेश खंडेलवाल एवं शिशिर शर्मा ने अध्यक्षता की, जबकि छठे सत्र में जी.पी. सिंह, विजय कुमार एवं अनिल कुमार छंगाणी ने सत्र की अध्यक्षता की। इन सत्रों में शोधार्थियों और विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर अपने शोध एवं विचार प्रस्तुत किए।
आयोजन के दौरान पोस्टर प्रतियोगिता में चंचल शर्मा को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। श्रद्धा कुशवाह, रमेश पारीक, काथमबरी, गुंजन तंवर एवं अंजलि झांझरिया को बेस्ट पोस्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वैज्ञानिक नवाचार के लिए निमिष नारायण, प्रभु शास्त्री एवं खुशी पारीक को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अर्चना पुरोहित ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शोधार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि प्रकृति के साथ संतुलित संबंध और वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय से ही मानव सभ्यता का टिकाऊ भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
