बीकानेर। करणी नगर लालगढ़ स्थित स्वामी आरएन ग्लोबल सीनियर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधि के तहत दैनिक भास्कर समाचार पत्र की प्रिंटिंग प्रेस का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने समाचार पत्र के प्रकाशन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं को नजदीक से देखा और अखबार तैयार होने के सफर की बारीकियों को समझा।
प्रभारी अनुराधा त्यागी एवं योगेश चारण के निर्देशन में पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रेस में स्थापित आधुनिक मशीनों का अवलोकन किया। उन्होंने समाचार पत्र की छपाई, मास्टर प्रिंट तैयार करने, पेपर फोल्डिंग, समाचारों के संकलन, विभिन्न पृष्ठों पर समाचारों के चयन एवं उनके प्रकाशन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मशीनों के संचालन, अखबार की छपाई में लगने वाले समय और समाचारों को अलग-अलग पृष्ठों पर स्थान देने की प्रक्रिया को लेकर मशीनमैन राजेंद्र कुमार से उत्सुकतापूर्वक सवाल पूछे। प्रोडक्शन हेड सुरेश ओझा ने विद्यार्थियों को सरल एवं रोचक अंदाज में समाचार पत्र की प्रिंटिंग की पूरी प्रक्रिया समझाई।
अखबार को तैयार होते हुए प्रत्यक्ष देखना विद्यार्थियों के लिए एक नया और रोमांचक अनुभव रहा। विद्यार्थियों का उत्साह और जिज्ञासा देखते ही बनती थी। इस शैक्षणिक भ्रमण ने उन्हें समाचार पत्र के निर्माण, प्रिंट मीडिया की कार्यप्रणाली और पत्रकारिता के तकनीकी पक्ष को समझने का अवसर प्रदान किया।
