बीकानेर। बच्चों को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर खेल मैदान तक लाने, उनमें शारीरिक सक्रियता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (DSF) की संडे स्पोर्ट्स लैब लगातार सकारात्मक पहल कर रही है। प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाली इस गतिविधि में बच्चे खेल, व्यायाम, जुंबा नृत्य और मनोरंजक सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना के गुर सीख रहे हैं।
इस रविवार आयोजित कार्यक्रम में खेलों के साथ खुशियों और आपसी अपनत्व का भी अनूठा संगम देखने को मिला। DSF सदस्य कोमल का जन्मदिन बच्चों के बीच केक काटकर मनाया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस पहल से प्रभावित अभिभावकों ने भी अपने बच्चों के जन्मदिन इसी तरह फाउंडेशन के बच्चों के साथ मनाने की इच्छा जताई।
कार्यक्रम के दौरान DSF निदेशक निशा लिम्बा ने फाउंडेशन की आगामी महत्वाकांक्षी पहल ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ की घोषणा की। ‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन–खेल से करियर तक’ थीम पर आधारित यह विशेष आयोजन 20 दिसंबर को होगा। इसमें ओलंपिक खेलों से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियां, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा खेल विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों में शिक्षा, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, रोजगार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
रविवार की स्पोर्ट्स लैब में बच्चों ने सामूहिक व्यायाम, जुंबा नृत्य, मनोरंजक खेलों और विभिन्न समूह गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स अकादमी के प्रशिक्षक संतोष ने बच्चों को शरीर का लचीलापन बढ़ाने, मांसपेशियों को मजबूत बनाने और शारीरिक क्षमता विकसित करने वाले व्यायामों का अभ्यास करवाया। वहीं बुद्धि विकास से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की एकाग्रता, तार्किक क्षमता और आपसी सहयोग को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का सबसे उत्साहपूर्ण दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बच्चों ने एक स्वर में खेल और नशामुक्ति का संदेश बुलंद किया—
“डीएसएफ वाले फिट इंडिया की ओर चले हैं,
बीकानेर तक खेलों की अलख जगाएँगे!
नशे को ना, खेलों को हाँ!”
इस अवसर पर वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन की आदत से दूर कर खेल मैदान से जोड़ना है। खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सामाजिक व्यवहार को भी बेहतर बनाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में DSF टीम के सदस्य निशा, साक्षी, कुसुम, हिताशा, गायत्री, रुद्राक्ष, भव्या, अभिषेक, रवि, निकोलस, टीम रुद्राक्षी, तिथि सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन का लक्ष्य संडे स्पोर्ट्स लैब के माध्यम से बच्चों के साथ अभिभावकों को भी खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। ‘हर घर में एक खिलाड़ी, हर बच्चा मैदान में’ के संकल्प के साथ फाउंडेशन स्वस्थ बचपन, जागरूक परिवार और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
