
जयपुर, 15 सितंबर 2026। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा R4C द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एडवाइजरी संख्या 64/2026 जारी कर आमजन को व्हाट्सऐप अकाउंट एवं चैट की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
राजस्थान पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में WhatsApp केवल बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि इसमें व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, दस्तावेज, OTP और महत्वपूर्ण संचार भी सुरक्षित रहते हैं। साइबर अपराधी व्हाट्सऐप अकाउंट पर नियंत्रण हासिल कर ठगी, फर्जी पहचान और ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में व्हाट्सऐप की सुरक्षा सुविधाओं को सक्रिय रखना बेहद जरूरी है।
व्हाट्सऐप को सुरक्षित रखने के 7 महत्वपूर्ण उपाय
1. अकाउंट सिक्योरिटी मजबूत करें
व्हाट्सऐप में Two-Step Verification को जरूर सक्रिय करें। इसके लिए Settings > Account > Two-Step Verification में जाकर 6 अंकों का PIN सेट करें और Recovery Email जोड़ें। अपना रजिस्ट्रेशन कोड या PIN किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें।
यदि डिवाइस में Passkeys का विकल्प उपलब्ध है तो उसका भी उपयोग करें।
2. Linked Devices की नियमित जांच करें
WhatsApp Settings में Linked Devices की जांच करते रहें। WhatsApp Web या Desktop से जुड़े अनजान अथवा पुराने डिवाइस को तुरंत लॉग आउट करें।
किसी संदिग्ध या अनजान डिवाइस के दिखाई देने पर उसे तत्काल Log Out कर दें। साइबर अपराधी फर्जी QR कोड या अन्य तरीकों से आपके व्हाट्सऐप अकाउंट तक पहुंच बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
3. Chat और App Lock का इस्तेमाल करें
संवेदनशील चैट को Chat Lock के माध्यम से Fingerprint अथवा Face ID से सुरक्षित रखें।
इसके साथ ही WhatsApp में App Lock और Biometric Protection को सक्रिय करें। इससे बिना अनुमति कोई अन्य व्यक्ति व्हाट्सऐप नहीं खोल सकेगा। लॉक की गई चैट के नोटिफिकेशन में संदेश की सामग्री भी प्रदर्शित नहीं होती।
4. Privacy Controls मजबूत रखें
अपनी Profile Photo, About, Last Seen, Online और Status को जरूरत के अनुसार My Contacts तक सीमित रखें।
यह भी निर्धारित करें कि आपको WhatsApp Groups में कौन जोड़ सकता है। इसके लिए My Contacts अथवा My Contacts Except विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है।
WhatsApp में उपलब्ध Privacy Checkup टूल के माध्यम से समय-समय पर अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स की समीक्षा करें।
5. Chat Backup को सुरक्षित करें
WhatsApp Settings > Chats > Chat Backup में जाकर End-to-End Encrypted Backup को सक्रिय करें।
एन्क्रिप्टेड बैकअप को मजबूत Password अथवा 64-अंकों की Encryption Key से सुरक्षित रखें और इसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें।
6. Advanced Chat Privacy सक्रिय करें
संवेदनशील चैट और ग्रुप के लिए Advanced Chat Privacy फीचर का उपयोग करें। यह चैट एक्सपोर्ट, ऑटोमेटिक मीडिया सेविंग और कुछ Meta AI फीचर्स के लिए संदेशों के उपयोग को सीमित करने में मदद करता है।
7. कॉल और हाई-रिस्क प्रोटेक्शन का इस्तेमाल करें
अनजान नंबरों से आने वाली स्पैम एवं फ्रॉड कॉल से बचने के लिए Silence Unknown Callers विकल्प को सक्रिय रखें।
कॉल के दौरान IP Address छिपाने के लिए Protect IP Address in Calls विकल्प का इस्तेमाल करें।
राजस्थान पुलिस ने आमजन को सलाह दी है कि केवल ऑफिशियल WhatsApp ऐप का इस्तेमाल करें और किसी भी संशोधित अथवा क्लोन ऐप, जैसे GB WhatsApp आदि से बचें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने, साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग या किसी अन्य साइबर अपराध की घटना होती है तो बिना देरी किए नजदीकी पुलिस थाना, साइबर पुलिस स्टेशन अथवा साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर वित्तीय ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने व्हाट्सऐप अकाउंट की सुरक्षा सेटिंग्स को मजबूत रखें, OTP, PIN और अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
— महानिदेशक पुलिस, साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं, राजस्थान, जयपुर