
बीकानेर, 4 अक्टूबर। पूगल थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई में थाना पूगल के सहायक उप निरीक्षक रामस्वरूप की विशेष भूमिका रही।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बंवारीलाल मीणा के निर्देश तथा वृत्ताधिकारी खाजूवाला विजयपाल यादव आरपीएस के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी पूगल समरवीर सिंह पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
घर का ताला तोड़कर चोरी की थी जेवरात
दिनांक 26 सितंबर 2026 को परिवादी भीमसेन पुत्र खानूराम मेघवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 04, पूगल ने थाना पूगल में रिपोर्ट दी थी। परिवादी के अनुसार वह अपने परिवार सहित दोपहर करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच घर पर ताला लगाकर बीकानेर गया था। वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला तथा कमरे में रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
रिपोर्ट पर थाना पूगल में प्रकरण संख्या 132/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक रामस्वरूप को सौंपी गई।
तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
थानाधिकारी समरवीर सिंह एवं जांच अधिकारी रामस्वरूप एएसआई ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी सहायता से मामले में शामिल आरोपी दिनेश गिरी उर्फ आनंद उर्फ विकास पुत्र शंकर गोस्वामी, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 05, थाना पूगल, जिला बीकानेर को जोधपुर शहर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब की जोड़ी एवं चांदी की अंगूठी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने सोने का बोरला दिनेश पुत्र नारायण राम नायक, उम्र 26 वर्ष, निवासी पूगल को बेचने की बात बताई। पुलिस ने दूसरे आरोपी दिनेश को भी दस्तयाब कर गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से बेचा गया सोने का बोरला बरामद कर लिया।
पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. दिनेश गिरी उर्फ आनंद उर्फ विकास, पुत्र शंकर गोस्वामी, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 05, थाना पूगल, जिला बीकानेर।
2. दिनेश, पुत्र नारायण राम नायक, उम्र 26 वर्ष, निवासी पूगल, थाना पूगल, जिला बीकानेर।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
समरवीर सिंह, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना पूगल
रामस्वरूप, सहायक उप निरीक्षक, थाना पूगल
धर्माराम, सहायक उप निरीक्षक, थाना पूगल
भंवरलाल, कांस्टेबल 524, थाना पूगल
मुन्नीलाल, कांस्टेबल 1576, थाना पूगल
पुलिस की तत्परता से चोरी का पूरा माल बरामद
पूगल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सक्रिय मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी सहायता के चलते वारदात का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और चोरी किए गए आभूषणों का 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया।