बीकानेर, 4 नवंबर। दीपावली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए जिला मजिस्ट्रेट श्री निशान्त जैन ने फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश अनुसार दीपावली पर्व (6 से 9 नवंबर 2026 तक) के दौरान नगर निगम बीकानेर की ओर से फायर ब्रिगेड कोटगेट पुलिस थाना, नयाशहर पुलिस थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष, कोतवाली पुलिस थाना तथा उपखण्ड कार्यालय, लूणकरणसर में फायर ब्रिगेड खड़ी रहेगी।
इसी प्रकार आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए पीबीएम एवं सेटेलाइट अस्पताल में एक-एक एंबुलेंस व डॉक्टर टीम का गठन कर उन्हें तैयार हालत में रखा जाएगा। इसके साथ ही कोटगेट थाने में एक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी। सभी अस्पतालों में बर्न यूनिट के सामान सहित राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेशानुसार नगर निगम के आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विभाग की फायर ब्रिगेड को 6 से 9 नवंबर तक संबंधित स्थानों एवं थानों पर आवश्यक रूप से तैनात करने की व्यवस्था करेंगे। साथ ही एंबुलेंस एवं बर्न यूनिट की व्यवस्था सुनिश्चित कर संबंधित अधिकारियों को जिला पुलिस अधीक्षक, एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को आवश्यक रूप से अवगत करवाएंगे।
