
बीकानेर। शिक्षक दिवस के अवसर पर आरएसवी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 12वीं वाणिज्य वर्ग की छात्रा स्नेहा सोनी के अंग्रेजी कविता संग्रह “WHERE HEART WHISPERS METAPHORES” का विमोचन किया गया।
कविता संग्रह का विमोचन अंग्रेजी के प्रोफेसर डॉ. मेघराज खत्री, आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीईओ आदित्य स्वामी, प्रधानाचार्य रविंद्र भटनागर, मेंटर विजय कुमार तथा एंकर एवं लेखिका ऋतु शर्मा के कर-कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर स्नेहा सोनी ने अपनी कविताओं की रचना के पीछे की प्रेरणा का श्रेय अपने माता-पिता के साथ विद्यालय के मेंटर विजय कुमार, शीतल सदाना एवं ऋतु शर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं परिवार से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें अपनी भावनाओं और विचारों को कविता के माध्यम से व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
पुस्तक में प्रकाशित कविताओं की व्याख्या करते हुए अंग्रेजी के प्रोफेसर डॉ. मेघराज खत्री ने स्नेहा के शब्द चयन, भावाभिव्यक्ति एवं रचनात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने पुस्तक की दो कविताओं का पाठ करते हुए उनकी भावभूमि और अर्थ को उपस्थित दर्शकों के समक्ष विस्तार से समझाया।
प्रधानाचार्य रविंद्र भटनागर ने छात्रा स्नेहा सोनी को प्रोत्साहित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में स्नेहा के पिता प्रदीप कुमार ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं तथा विद्यालय में अपने अनुभवों को भी साझा किया। कार्यक्रम में शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की आत्मीयता और सम्मान की भावना देखने को मिली।