बीकानेर, 20 नवंबर। अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों से निकलने वाले जैव चिकित्सकीय अपशिष्ट का उचित निस्तारण मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के पशु जैव चिकित्सा अपशिष्ट निस्तारण एवं प्रौद्योगिकी केंद्र की ओर से शुक्रवार को गंगा बाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र की मुख्य अन्वेषक डॉ. दीपिका धुड़िया ने विद्यार्थियों को जैव चिकित्सकीय अपशिष्ट के उचित निस्तारण एवं प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि लापरवाही से इसका निस्तारण संक्रमण और विभिन्न संक्रामक रोगों का कारण बन सकता है। उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन की सही प्रक्रियाओं, संक्रमण से बचाव तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
केंद्र के सह-अन्वेषक डॉ. देवेंद्र चौधरी ने अस्पतालों से निकलने वाले जैविकीय अपशिष्ट के मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैव चिकित्सकीय अपशिष्ट से फैलने वाली विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के लिए सतर्कता और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. मनीष, डॉ. दीक्षा, विद्यालय की प्राचार्य उर्वशी शर्मा एवं अन्य अध्यापकों का सहयोग रहा।
