बीकानेर। रेलवे की संरक्षा व्यवस्था, स्टेशन सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने शुक्रवार को निरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुसर सहनेवाला, संगत एवं मंडी डबवाली स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भटिंडा स्थित ऑफिसर्स रेस्ट हाउस की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, रखरखाव, संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
भटिंडा स्टेशन स्थित ऑफिसर्स रेस्ट हाउस के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वहां उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों को रेस्ट हाउस में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा सुविधाओं के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद गुरुसर सहनेवाला स्टेशन पर पैनल रूम का निरीक्षण किया तथा समपार संख्या 12C की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेल संचालन में संरक्षा मानकों के प्रभावी पालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संगत स्टेशन के निरीक्षण के दौरान स्टेशन यार्ड में पॉइंट एवं क्रॉसिंग, ट्रैक फिटिंग तथा अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही समपार संख्या 14C का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडी डबवाली स्टेशन पर डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, टिकट खिड़की, स्टेशन कक्ष एवं सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। स्टेशन पर संचालित स्टॉल का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्टेशन यार्ड में पॉइंट एवं क्रॉसिंग का निरीक्षण करने के साथ समपार संख्या 33 की व्यवस्थाओं को भी देखा तथा संरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) करण सिंह गोदारा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (उत्तर) नीरज सिंह सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
