बीकानेर। शहर के हनुमान हत्था क्षेत्र में पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी महेंद्र सिंह बडगुजर पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र में उत्पात मचाने से रोकने और समझाइश करने की रंजिश के चलते दो युवकों ने उन पर चाकू और तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पूर्व पार्षद को बेहोशी की हालत में पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह बडगुजर वर्ष 2019 से 2024 तक नगर निगम के वार्ड संख्या 52 से पार्षद रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 8 नवंबर की रात मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि भूपेंद्र और उसका साथी लोकेन्द्र सिंह क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं। इस पर उन्होंने मोहल्लेवासियों के साथ दोनों को समझाते हुए त्योहार के अवसर पर शांति बनाए रखने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने उन्हें धमकाते हुए जान से मारने की चेतावनी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 10:58 बजे रणवीर सिंह (राजा) का फोन आया कि दोनों युवक फिर से मोहल्ले में उत्पात मचा रहे हैं। सूचना मिलने पर महेंद्र सिंह घर से निकलकर गणेश मंदिर के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां भूपेंद्र ने अपने साथी लोकेन्द्र सिंह से कहा कि आज इस पार्षद को जान से मारकर ही दम लेंगे। इसके बाद भूपेंद्र ने चाकू से उनकी गर्दन और कमर पर वार किए, जबकि लोकेन्द्र सिंह ने तलवार से सिर और कंधे पर हमला किया।
पीड़ित के अनुसार, दोनों ने उन पर लगातार वार किए, जिससे वह कुछ समय के लिए अचेत हो गए। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर मौके पर छोड़ दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर अवस्था में पीबीएम ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
सदर थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना को लेकर सदर थाना पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 306 दर्ज की है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) एवं 3(5) के तहत दर्ज की गई है। मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित संयुक्त आपराधिक कृत्य के आरोप दर्ज हुए हैं।
पूर्व पार्षद महेंद्र सिंह बडगुजर ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आमजन के मन से भय समाप्त हो और शहर में कानून व्यवस्था एवं शांति कायम रह सके।
