बीकानेर। दीपावली के पावन पर्व पर बीकानेर में भक्ति, संगीत और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपोत्सव की खुशियों को आध्यात्मिक रंग देने के उद्देश्य से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय याेग गुरु नवीन दा हीलर का कार्यक्रम में भजन जैमिंग एवं भक्तिमय संगीत यात्रा पूरे उत्साह, उमंग और धूमधाम के साथ निकाली गई। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की गरिमामयी उपस्थिति एवं अगुवाई में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर वातावरण को रामभक्ति और हनुमान भक्ति से सराबोर कर दिया।
आयाेजनकर्ता पुनीत शर्मा ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ रतन बिहारी पार्क से हुआ। यहां से प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों, भजनों की मधुर धुनों और भक्तिमय संगीत के बीच यात्रा आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला। भजन संगीत की स्वर लहरियों के साथ दीपावली का उल्लास और धार्मिक आस्था एक साथ नजर आई। यात्रा में शामिल लोगों ने भजनों पर झूमते हुए प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई यह भक्तिमय यात्रा ग्रेजुएट हनुमान जी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सभी बीकानेरवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वयं भजन जैमिंग का नेतृत्व करते हुए भजनों में सहभागिता की और उपस्थित लोगों के साथ भक्तिमय माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाया। उनकी सहभागिता से आयोजन में विशेष आकर्षण देखने को मिला।
कार्यक्रम में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, डिप्टी मेयर पंकज गहलोत, महावीर रांका, युधिष्ठिर सिंह भाटी, मोहन सुराणा सहित अनेक गणमान्यजन एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संतोषानंद महाराज की उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। भजन, संगीत और जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आयोजन ने दीपावली के पारंपरिक उल्लास के साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संदेश दिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य दीपावली के पावन पर्व पर लोगों को भक्ति और सकारात्मकता से जोड़ना तथा प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी के भजनों के माध्यम से त्योहार की खुशियों को सामूहिक रूप से मनाना रहा। भव्यता, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुई इस यात्रा ने बीकानेर में दीपावली के उत्सव को यादगार बना दिया।
