बीकानेर। शहर के उभरते फुटबॉल खिलाड़ी देवांश ने अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत के दम पर बीकानेर का नाम रोशन किया है। मास्टर उदय फुटबॉल क्लब के खिलाड़ी देवांश का 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 छात्र वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए राजस्थान राज्य टीम में चयन हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 12 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक छतरपुर, मध्य प्रदेश में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में देवांश राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
देवांश के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से मास्टर उदय फुटबॉल क्लब में उत्साह और खुशी का माहौल है। क्लब के सचिव शंकर बोहरा एवं एनआईएस कोच नारायण बिस्सा ने देवांश को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने और राजस्थान का गौरव बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।
देवांश की इस उपलब्धि पर शिव शंकर जागा, महेंद्र व्यास, अमित व्यास एवं भंवर लाल बोहरा ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
देवांश का चयन न केवल उनके कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है, बल्कि बीकानेर की फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि है। अब खेल प्रेमियों की निगाहें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देवांश के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
