बीकानेर। खरनाडा भूमि विवाद को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहे घटनाक्रम का आज सकारात्मक समाधान सामने आया। विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिकारियों तथा ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद समाज के पक्ष में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
वार्ता के पश्चात बीडीए की टीम द्वारा विवादित खरनाडा भूमि का मौका सर्वे किया गया। सर्वे एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सामने आया कि उक्त भूमि पर मौजूद कुण्डी और तारबंदी को गलती से अतिक्रमण समझ लिया गया था, जिसके चलते उन्हें तोड़ दिया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह भूमि पिछले करीब 275 वर्षों से ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के अधिकार एवं उपयोग में रही है तथा इसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज भी समाज के पास उपलब्ध हैं।
समाज के लोगों की इस भूमि से गहरी धार्मिक एवं पारंपरिक आस्था जुड़ी हुई है। समाज के लोग अपने पूर्वजों की अस्थियों का तर्पण इसी स्थान पर करते आ रहे हैं। ऐसे में भूमि पर मौजूद कुण्डी और तारबंदी हटाए जाने से समाज में नाराजगी थी।
आज हुई सकारात्मक वार्ता के बाद मौके पर मौजूद कुण्डी का पुनर्निर्माण करवाने तथा पूरी भूमि के चारों ओर पुनः तारबंदी करवाने पर सहमति बनी। इससे समाज के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
वहीं सहमति बनने के बाद विधायक जेठानंद व्यास ने मौके पर पहुंचकर पूर्व में हटाई गई भैरूजी की प्रतिमा को पुनः स्थापित करवाया। इस घटनाक्रम के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने सकारात्मक पहल और समाधान के लिए विधायक तथा बीडीए अधिकारियों का आभार जताया।
दो दिनों से जारी विवाद का आपसी बातचीत, मौका सर्वे और सहमति के माध्यम से समाधान निकलना समाज के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
