114 प्रतिभाओं का सम्मान कर जैन महासभा ने बढ़ाया गौरव, शिक्षा-संस्कार और उपलब्धियों को मिला सम्मान

 

बीकानेर। जैन महासभा बीकानेर की ओर से रविवार को जिला उद्योग संघ कार्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, विधि, प्रशासनिक सेवाओं, खेलकूद, कला, साहित्य, राजनीति एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली जैन समाज की 114 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों एवं नवनिर्वाचित जैन पार्षदों का भी अभिनंदन किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर नगर निगम महापौर अनिल कल्ला रहे, जबकि अध्यक्षता सिविल जज अभिनंदन जैन ने की। समारोह में जैन महासभा के पदाधिकारियों, समाज के गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।

 

जैन समाज का सम्मान मेरे लिए गौरव का विषय : महापौर अनिल कल्ला

 

मुख्य अतिथि महापौर अनिल कल्ला ने अपने संबोधन में जैन महासभा एवं जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन्हें जो मान-सम्मान दिया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके सामने ऐसे गणमान्य व्यक्तित्व मौजूद हैं, जिनका समाज में विशिष्ट स्थान है। जनसंख्या की दृष्टि से कम होने के बावजूद जैन समाज आज देश के विकसित एवं प्रभावशाली समाजों में अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे समाज के बीच प्रतिभा सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना उनके लिए गौरव का विषय है।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें सम्मानित करना और आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। कोई खिलाड़ी है, कोई चिकित्सक, कोई साहित्यकार तो कोई अन्य क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। प्रत्येक व्यक्ति की अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य होता है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें समाज के सामने अपनी उपलब्धियां प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

 

महापौर ने बीकानेर के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि जैन समाज के कई पार्षद भी इस मंच पर मौजूद हैं। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने वार्डों की विकास संबंधी मांगें लेटरपैड पर लिखकर प्रस्तुत करें, ताकि संबंधित समस्याओं और विकास कार्यों पर सकारात्मक पहल की जा सके। उन्होंने जैन महासभा द्वारा दिए गए सम्मान एवं स्नेह के लिए पुनः आभार जताया।

 

पुरस्कार नहीं, वर्षों की मेहनत और माता-पिता के त्याग का सम्मान : अभिनंदन जैन

 

समारोह की अध्यक्षता कर रहे सिविल जज अभिनंदन जैन ने जैन महासभा एवं समाज के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मंच पर उपस्थित होकर उन्हें विशेष अनुभूति हो रही है। आज यहां केवल पुरस्कार वितरित नहीं किए जा रहे, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनगिनत त्याग, माता-पिता के सपनों और विद्यार्थियों के अटूट संकल्प का सम्मान हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज और बीकानेर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी मंजिल नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की एक नई शुरुआत है। इस सम्मान को अपनी आगे की यात्रा के लिए प्रेरणा बनाएं और निरंतर मेहनत करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करें।

 

अभिनंदन जैन ने विद्यार्थियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि अपनी सफलता की खुशी के साथ एक बार उन माता-पिता की आंखों से भी इस उपलब्धि को देखें, जिन्होंने अपनी अनेक इच्छाओं को पीछे रखकर बच्चों के सपनों को पूरा किया। जिन्होंने अपनी सुविधाओं से पहले बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी, अपनी परेशानियों को छिपाकर उनकी आकांक्षाओं को नई उड़ान दी और उनके भविष्य के लिए निरंतर त्याग किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से ऐसे सभी माता-पिता के सम्मान में जोरदार तालियों के साथ अभिनंदन करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक विरासत केवल परंपराओं को संजोकर रखने में नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियों, संस्कारों और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से उसे आगे बढ़ाने में है।

 

पांच नवनिर्वाचित जैन पार्षदों का भी हुआ अभिनंदन

 

समारोह में हाल ही में संपन्न नगर निगम चुनावों में निर्वाचित जैन समाज के पांच पार्षदों का विशेष अभिनंदन किया गया। इनमें श्रीमती लक्ष्मी देवी कातेला, दिलीप बांठिया, धर्मवीर नाहटा, नवरतन डागा एवं संजय राखेचा शामिल रहे। महापौर अनिल कल्ला, न्यायाधीश अभिनंदन जैन एवं उपस्थित अतिथियों का भी महासभा की ओर से सम्मान किया गया।

 

समाज की प्रतिभाओं को मंच देना ही महासभा का उद्देश्य

 

प्रतिभा सम्मान समारोह के संयोजक डॉ. नितेश आसानी ने बताया कि आयोजन के लिए 114 से अधिक प्रतिभाओं का पंजीकरण हुआ था। डॉ. बबीता जैन ने बताया कि शिक्षा के साथ खेलकूद, स्काउट, एनएसएस, समाजसेवा, साहित्य, कला एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

 

जैन महासभा के अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। महामंत्री जतनलाल संचेती ने बताया कि महासभा वर्षभर समाजसेवा के अनेक कार्यक्रम आयोजित करती है। चातुर्मास समाप्ति के पश्चात दिसंबर माह में तपस्या करने वाले तपस्वियों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर महासभा की वार्षिक दिनदर्शिका (कैलेंडर) का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।

 

सहमंत्री मनीष नाहटा ने कहा कि जैन महासभा का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को उचित सम्मान देना और नई पीढ़ी को शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है।

 

समारोह में 114 प्रतिभाओं का सम्मान कर जैन महासभा ने समाज की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का संदेश दिया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

भक्ति की शक्ति का संदेश दे गया भक्तमाल रस उत्सव, संतों के प्रसंगों से भावविभोर हुए श्रद्धालु

  बीकानेर, 16 नवम्बर। भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना के वातावरण में श्री जी द ग्र…