बीकानेर। छोटी काशी के नाम से विख्यात बीकानेर की धर्मनगरी में दिसंबर माह भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगने जा रही है। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि पैलेस में 17 से 23 दिसंबर 2026 तक सात दिवसीय भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह संभाग के बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक होगा। कथा को लेकर श्रद्धालुओं और श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल है।
श्री सत्यनारायण अग्रवाल (अग्रवाल मेडिकल स्टोर) एवं समस्त अग्रवाल परिवार की ओर से आयोजित इस श्रीमद्भागवत कथा का वाचन वृंदावन धाम के श्रद्धेय आचार्य दैवज्ञ डॉ. अश्विनी मिश्र महाराज करेंगे। वे परम पूज्य जगद्गुरु मलूक पीठाधीश्वर श्री राजेंद्र दास देवाचार्य महाराज की कृपा एवं अनुकंपा पात्र हैं। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
श्रीनाथजी की छवि, भव्य दरबार और पुष्प वर्षा होंगे विशेष आकर्षण
इस बार आयोजन को विशेष भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। रिद्धि-सिद्धि पैलेस में आकर्षक धार्मिक सजावट, श्रीनाथजी की मनमोहक छवि, भव्य दरबार, फूलों का श्रृंगार, भजन-कीर्तन, इत्र एवं पुष्प वर्षा तथा छप्पन भोग जैसे विशेष आकर्षण श्रद्धालुओं को भक्ति के अनूठे वातावरण का अनुभव करवाएंगे। आयोजकों का उद्देश्य बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों के सनातन प्रेमियों को एक ही स्थान पर आध्यात्मिक और धार्मिक अनुभूति से जोड़ना है।
आयोजन में श्री श्याम मित्र मंडल, करणी नगर बीकानेर की ओर से व्यवस्थाओं में विशेष सहयोग किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ नि:शुल्क बसों की सुविधा भी उपलब्ध करवाने की तैयारी की जा रही है। आयोजन से जुड़े कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
21 दिसंबर को सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार
सात दिवसीय आयोजन के बीच 21 दिसंबर का दिन विशेष आकर्षण रहेगा। कथा समापन के पश्चात श्री श्याम मित्र मंडल अपनी वर्षगांठ भव्य श्री श्याम कीर्तन के रूप में मनाएगा। इस दौरान बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इत्र वर्षा, केसर की होली और आकर्षक साज-सज्जा के साथ पूरा आयोजन स्थल श्याममय नजर आएगा। इस विशेष कीर्तन में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
अग्रवाल मेडिकल स्टोर, श्याम भक्त विनोद गोयल, रिद्धि-सिद्धि रिजॉर्ट एवं श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के समस्त सनातन प्रेमियों से कथा एवं कीर्तन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजक श्री सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन किसी एक परिवार का नहीं, बल्कि समस्त सनातन प्रेमियों का अपना आयोजन है। सभी श्रद्धालुओं की सहभागिता ही इसकी वास्तविक भव्यता होगी।
