बीकानेर। रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स की ओर से आयोजित रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग (RRPL) 2026 में रोमांचक मुकाबलों के बीच सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो गई हैं। लीग चरण के अंतिम मुकाबलों में हर्ष दक्ष सुपर स्टार्स, जय भेरूनाथ क्रिकेट क्लब, NLJCF वॉरियर्स और राधे राधे रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मीडिया प्रभारी आनंद आचार्य ने बताया कि लीग चरण के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी से क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। कई मैचों में अंतिम ओवर तक रोमांच बना रहा। अब पहले सेमीफाइनल में राधे राधे रॉयल्स और जय भेरूनाथ क्रिकेट क्लब आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में NLJCF वॉरियर्स और हर्ष दक्ष सुपर स्टार्स के बीच मुकाबला होगा।
तीन रन की जीत ने बढ़ाया रोमांच
आयोजन प्रभारी देवेंद्र तंवर ने बताया कि दिन के पहले मुकाबले में हर्ष दक्ष सुपर स्टार्स ने भव्य रॉयल्स को हराया। नासिर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में जय भेरूनाथ क्रिकेट क्लब ने होप-11 को महज तीन रन से शिकस्त दी। जय भेरूनाथ क्रिकेट क्लब ने 10 ओवर में 90 रन बनाए, जबकि होप-11 की टीम 87 रन ही बना सकी। हर्षित को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
तीसरे मुकाबले में NLJCF वॉरियर्स ने रोटरी मिडटाउन राइजर्स को हराया। रोटरी मिडटाउन राइजर्स की टीम ने 10 ओवर में 53 रन बनाए। जवाब में NLJCF वॉरियर्स ने बिना विकेट गंवाए 4.2 ओवर में 57 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शुभम मैन ऑफ द मैच रहे।
चौथे मुकाबले में राधे राधे रॉयल्स ने करणी क्रिकेट क्लब को पराजित किया। राधे राधे रॉयल्स ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 120 रन बनाए। इस मुकाबले में रूपाराम जाट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
खेल प्रतिभाओं को मंच देना सराहनीय पहल
क्लब अध्यक्ष विपिन लड्ढा ने बताया कि लीग के दौरान शहर की विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने टॉस कराकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किए। इनमें पूर्व रणजी खिलाड़ी रतन सिंह, चिकित्सक डॉ. विकास पारीक, जनसंपर्क अधिकारी हरीशंकर आचार्य, BNI बेंचमार्क अध्यक्ष अमित अग्रवाल, व्यवसायी राहुल पित्ती, हंसराज बिश्नोई और बजरंग सहारण शामिल रहे।
पूर्व रणजी खिलाड़ी रतन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
आयोजन में रोटरी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी
सह-प्रभारी सुरेंद्र जोशी ने बताया कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन में रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष विपिन लड्ढा, मदन सिंह, नीरज सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, मोहित सिंह, विनय बिस्सा, गोपाल अग्रवाल, मनोज सोलंकी, ऋषि धामू, डॉ. पुनीत खत्री और डॉ. राकेश माथुर सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ. आर.के. धूडिया, डॉ. सुभाष जोशी, डॉ. दिनेश चूरा, डॉ. अशोक डांगी, वेटरनरी विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. दिवाकर चौधरी, वार्ड 44 के पार्षद शुभकरण गहलोत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर काका बीकानेरी भी उपस्थित रहे।
