बीकानेर, 26 अक्टूबर। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध करवाने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष गुण नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है।
आयुक्त कृषि श्री नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार सोमवार को जिले में कृषि आदान निरीक्षकों की टीमों ने 402 उर्वरक विक्रेताओं के यहां रिकॉर्ड का सघन निरीक्षण किया। अनियमितताएं पाए जाने पर 6 कृषि आदान विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। शेष विक्रेताओं के निरीक्षण की कार्रवाई भी जारी है।
संयुक्त निदेशक कृषि श्री मदनलाल ने बताया कि राज एग्री क्यूसी मोबाइल ऐप के माध्यम से उर्वरकों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य निरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना, गुण नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी करना तथा कृषि आदान विक्रेताओं की वास्तविक समय में निगरानी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में रबी फसलों की बुवाई प्रारंभिक अवस्था में है। जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। विभाग द्वारा उर्वरकों की आपूर्ति, उपलब्धता एवं वितरण की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक मिल सकें।
*उर्वरकों के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे विक्रेता*
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत ने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान के तहत औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उर्वरकों के साथ अन्य कृषि उत्पादों की टैगिंग रोकने के लिए विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कृषि आयुक्तालय द्वारा जारी निर्देशानुसार में स्पष्ट किया गया है कि किसानों को यूरिया, डीएपी अथवा अन्य अनुदानित उर्वरकों के साथ जिंक, सल्फर, कीटनाशक, जैव उर्वरक या अन्य कृषि उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर खुदरा विक्रेताओं के साथ संबंधित थोक विक्रेताओं तथा उर्वरक निर्माता एवं आपूर्तिकर्ता कंपनियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
*शिकायतों पर 24 घंटे में होगी प्रारंभिक कार्रवाई*
किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिले में उर्वरक शिकायत प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है। जबरन टैगिंग एवं अन्य अनियमितताओं से संबंधित शिकायत 0151-2230140 पर दर्ज करवाई जा सकती है। विभाग द्वारा शिकायत प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। किसानों के हितों से खिलवाड़, उर्वरकों की बिक्री में अनियमितता तथा अन्य उत्पाद जबरन बेचने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध करवाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
