बीकानेर। श्री सूडसर बालाजी मंदिर में सोमवार, 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा मेला महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। मेले के दौरान बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार, ज्योत, सवामणि प्रसाद, भंडारे और भव्य जागरण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। इस अवसर पर दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव एवं प्रवक्ता गणेश स्वामी ने बताया कि मेले की शुरुआत रविवार सुबह 9 बजे मोतीलाल जी हुकमचंद जी मूंधड़ा पुत्र गंगाविशन जी मूंधड़ा परिवार, दुलचासर की ओर से आयोजित श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ के साथ हुई। सोमवार को अखंड पाठ की पूर्णाहुति हुई। इसके बाद बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया और ज्योत के दर्शन का क्रम दिनभर जारी रहा।
इस दौरान भक्तजनों एवं मंदिर ट्रस्ट की ओर से बालाजी महाराज को सवामणि दाल-बाटी चूरमा का भोग अर्पित किया गया। प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। ट्रस्ट की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम को बाल के लाल मित्र मंडल, बीकानेर के संयोजन में भव्य जागरण का आयोजन रखा गया, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार मुन्ना सरकार की प्रस्तुति निर्धारित थी। वहीं, रात्रि 12 बजे बालाजी महाराज को 11 क्विंटल खीर का भोग अर्पित करने का कार्यक्रम रखा गया। इस विशेष प्रसाद को ग्रहण करने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद रही। पूरा आयोजन भक्ति, आस्था और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
