
भीलवाड़ा। योनेक्स सनराइज नॉर्थ ज़ोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में राजस्थान की काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान ने हिमाचल प्रदेश की शिवांश राणा और गरिमा वर्मा की जोड़ी को 15-12, 15-5 के स्कोर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में राजस्थान की जोड़ी का सामना अनन्या और चैतन्या सेहरावत से हुआ। रोमांचक मुकाबले में काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 15-13, 11-15, 15-12 के स्कोर से जीत दर्ज की और चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
इस शानदार उपलब्धि पर राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव श्री के.के. शर्मा ने काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के कारण राजस्थान के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस जीत के साथ काव्या स्वामी और भानु प्रताप सिंह चौहान ने न केवल प्रतियोगिता में राजस्थान का गौरव बढ़ाया, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा प्रस्तुत की।