
बीकानेर। नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर रविवार को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर रोड शो के दौरान भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के नेतृत्व में दो स्थानों पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। दाऊजी मंदिर के पास तथा होटल सिटी पैलेस पर आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आमजन ने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
दाऊजी मंदिर के पास भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को 21 किलो की पुष्पमाला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। मुस्लिम समाज की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सर्वसमाज की एकजुटता का संदेश दिया।
वहीं होटल सिटी पैलेस के पास भी दीपक पारीक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया। दोनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो के दौरान आमजन का अभिवादन स्वीकार करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों को आमजन के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विकास और सुशासन के लिए भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश दाधीच, प्रदेश मंत्री श्री आईदान सिंह भाटी, विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक श्री ताराचंद सारस्वत, कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह, नगर निगम चुनाव प्रभारी श्री ओम सारस्वत, सहप्रभारी श्री महावीर सैनी, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सुमन छाजेड़ एवं देहात जिलाध्यक्ष श्री श्याम पंचारिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के स्वागत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं, वार्डवासियों एवं मुस्लिम समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड 73 में मिल रहा सर्वसमाज का समर्थन उनके लिए उत्साह और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि वे वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान दोनों स्थानों पर हुए भव्य स्वागत और उमड़े जनसमर्थन से वार्ड नंबर 73 में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल बना रहा।