
बीकानेर, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा शहर जिला बीकानेर की ओर से जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ एवं देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में बुधवार को मेडिकल सर्किल पर ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण हुआ, जिसे बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों ने सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, तपस्या और राष्ट्र निर्माण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा, “विकसित भारत का भविष्य आज यहां बैठा है।”
मेघवाल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और अब उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल पद और प्रतिष्ठा की नहीं, बल्कि सेवा, तपस्या और निरंतर राष्ट्र समर्पण की यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली में कार्यकर्ताओं और देशवासियों के प्रति आत्मीयता दिखाई देती है। नाल एयरपोर्ट का प्रसंग साझा करते हुए मेघवाल ने बताया कि विमान में सवार होने के बाद प्रधानमंत्री वापस नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं से मिले। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं के प्रति प्रधानमंत्री के सम्मान और संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी का नाम लिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश और जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, जबकि विपक्ष के नेता बार-बार छुट्टियों पर चले जाते हैं। मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली को समझे बिना उन पर आरोप लगाना उचित नहीं है।
मेघवाल ने कहा कि भारत आज पहले की तुलना में अधिक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में सामने आया है। प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे ऊपर से कठोर दिखाई देते हैं, लेकिन अंदर से नारियल की तरह नर्म हैं। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के प्रति उनकी संवेदनशीलता उनके निर्णयों में दिखाई देती है।
अपने विदेश दौरों के अनुभव साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया भारत की बढ़ती ताकत और वैश्विक प्रतिष्ठा को स्वीकार कर रही है। उन्होंने भारतीय पासपोर्ट की बढ़ती ताकत को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वर्तमान के साथ-साथ देश के भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लेते हैं। समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियान शुरू किए गए, जिनका उद्देश्य सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाना है।
भाजपा मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में महंत विमर्शानंद महाराज, विधायक जेठानंद व्यास, विश्वनाथ मेघवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई, उपमहापौर पंकज गहलोत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य, कुम्भाराम सिद्ध, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, कौशल शर्मा, श्याम सिंह हाड़ला, राजेंद्र पंवार, जिला उपाध्यक्ष मोतीलाल हर्ष, अशोक प्रजापत, दीपक पारीक, भूपेंद्र शर्मा, सरिता नाहटा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।