बीकानेर। बीकानेर में संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विष्णु साध पुत्र श्यामसुंदर साध, निवासी नृसिंह मंदिर के पास, जस्सूसर गेट, बीकानेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश तथा पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार संगठित अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर के नेतृत्व एवं वृत्ताधिकारी वृत्त नगर के सुपरविजन में कोटगेट थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 278, दिनांक 14 अक्टूबर 2025 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(3), 111(4) एवं 111(5) सहित अन्य संबंधित धाराओं में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने, धमकाने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं नौ अन्य प्रकरण
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इस प्रकरण के अतिरिक्त नौ अन्य मामले भी दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस टीम आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है तथा उसके विरुद्ध दर्ज प्रकरणों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में अनुसंधान जारी है।
