बीकानेर। छठ पूजा के मद्देनजर ट्रेनों में बढ़ती यात्री भीड़ और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर बीकानेर मंडल रेलवे अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारी लगातार ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी कड़ी में अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने जनरल कोच में पहुंचकर यात्रियों से सीधा संवाद किया और उनकी यात्रा का अनुभव जाना।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने गाड़ी संख्या 12260 दुरंतो एक्सप्रेस (बीकानेर–सियालदह) एवं गाड़ी संख्या 15910 अवध असम एक्सप्रेस (लालगढ़–डिब्रूगढ़) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनरल कोच में सफर कर रहे यात्रियों से उपलब्ध सुविधाओं, त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़, यात्रा में आने वाली परेशानियों और रेलवे की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने यात्रियों से सुझाव भी मांगे, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
रेलवे अधिकारी को अपने बीच पाकर यात्रियों ने भी खुलकर अपनी बात रखी। यात्रियों ने सीधे संवाद की इस पहल की सराहना करते हुए रेलवे की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
निरीक्षण के दौरान ADRM ने रेलवे स्क्वॉड एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। त्योहार के दौरान ट्रेनों में भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी करने पर जोर दिया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ट्रेनों और स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के साथ यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बीकानेर मंडल द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए विशेष निगरानी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर सहायक सुरक्षा आयुक्त कैलाश चन्द्र ढिल्लौर, आईपीएफ उषा निरंकारी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
