बीकानेर। शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण कार्यों की हकीकत जानने के लिए नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने बल्लभ गार्डन स्थित डंपिंग यार्ड एवं टैक्सी-ट्रैक्टर पार्किंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मिली अव्यवस्थाओं और वाहनों की स्थिति को लेकर महापौर ने नाराजगी जताई तथा संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान कंपनी के सुपरवाइजर ने महापौर को बताया कि कचरा संग्रहण कार्य के लिए वर्तमान में कुल 177 टिपर उपलब्ध हैं, जिनमें से 115 टिपर ही संचालित हो रहे हैं, जबकि 15 टिपर ब्रेकडाउन की स्थिति में हैं। इसके अतिरिक्त 72 ट्रैक्टर भी उपलब्ध बताए गए।
वाहनों की उपलब्धता के बावजूद उनकी संचालन स्थिति और मौके पर व्यवस्थाओं में मिली खामियों को देखते हुए महापौर ने कंपनी प्रतिनिधियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खराब पड़े वाहनों को तत्काल दुरुस्त करवाने तथा सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता सीधे आमजन के स्वास्थ्य और सुविधाओं से जुड़ा विषय है। प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से कचरा संग्रहण होना चाहिए तथा सफाई व्यवस्था में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। कंपनी की जिम्मेदारी है कि वह उपलब्ध वाहनों और संसाधनों का पूरा उपयोग करते हुए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कार्य करे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब वाहनों की मरम्मत में देरी नहीं होनी चाहिए और कचरा संग्रहण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए औचक निरीक्षण और समीक्षा का सिलसिला जारी रहेगा।
