शिवमहापुराण के आध्यात्मिक संदेशों को शब्दों में पिरोया, बाहेती भवन में ‘शिवमहापुराण रसामृत’ का भव्य विमोचन

बीकानेर। भगवान शिव की महिमा, शिवपुराण के आध्यात्मिक रहस्यों और सनातन संस्कृति की समृद्ध परंपरा को साहित्य के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में पंडित लक्ष्मण पारीक की नई पुस्तक ‘शिवमहापुराण रसामृत’ का शुक्रवार को बाहेती भवन में गरिमामय समारोह के बीच विमोचन किया गया। पुस्तक के लोकार्पण अवसर पर संतों, धर्माचार्यों, विद्वानों और गणमान्यजनों ने इसे धार्मिक साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की।

 

पुस्तक का विमोचन राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, भागवताचार्य पंडित गोपाल नारायण व्यास, जुगलकिशोर ओझा ‘पुजारी बाबा’, यज्ञाचार्य पंडित राजेंद्र किराडू, उद्योगपति राजेश चूरा एवं पुस्तक के लेखक पंडित लक्ष्मण पारीक ने किया।

 

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक ग्रंथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के आधार स्तंभ हैं। इन ग्रंथों में निहित ज्ञान, जीवन दर्शन और आदर्शों को सरल साहित्य के माध्यम से समाज तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। शिवमहापुराण में भगवान शिव के स्वरूप, लीलाओं, भक्ति, तपस्या, ज्ञान और वैराग्य के साथ जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले अनेक सूत्र समाहित हैं। ऐसे साहित्य से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक जड़ों और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

 

शिव तत्व को जीवन में आत्मसात करना ही कल्याण का मार्ग

 

राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज ने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। शिव आराधना का वास्तविक उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारना है। शिव का चरित्र मनुष्य को सरलता, सहनशीलता, समर्पण और परोपकार की प्रेरणा देता है। धार्मिक ग्रंथों का लेखन और प्रचार आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम है।

 

धार्मिक साहित्य से पीढ़ियों तक पहुंचते हैं संस्कार

 

भागवताचार्य पंडित गोपाल नारायण व्यास ने कहा कि पुराण केवल धार्मिक कथाओं का संग्रह नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला, नैतिकता और आध्यात्मिक उन्नति के सूत्र हैं। सरल साहित्यिक भाषा में शास्त्रों के भाव प्रस्तुत करने से सामान्य पाठक भी उनके गूढ़ संदेशों को समझ सकता है। उन्होंने पुस्तक को नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने वाला सराहनीय प्रयास बताया।

 

जुगलकिशोर ओझा ‘पुजारी बाबा’ ने कहा कि सनातन धर्म की पहचान उसकी प्राचीन ज्ञान परंपरा और आध्यात्मिक चिंतन में है। धार्मिक पुस्तकों का लेखन इस विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

 

यज्ञाचार्य पंडित राजेंद्र किराडू ने कहा कि शिवमहापुराण में भक्ति, तप, साधना, धर्म और सदाचार के ऐसे अनेक प्रसंग हैं, जो व्यक्ति को जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं। भगवान शिव का जीवन त्याग और लोककल्याण की भावना का संदेश देता है।

 

उद्योगपति राजेश चूरा ने कहा कि धार्मिक साहित्य का सृजन और संरक्षण समाज के लिए दीर्घकालीन योगदान है। ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि सनातन संस्कृति का ज्ञान घर-घर तक पहुंचे।

 

‘मोक्षदायिनी श्रीभागवत रसधारा’ के बाद अब शिवमहापुराण पर लेखन

 

पुस्तक के लेखक पंडित लक्ष्मण पारीक ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन और उनमें निहित आध्यात्मिक संदेशों को सरल साहित्यिक स्वरूप में अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘शिवमहापुराण रसामृत’ की रचना की गई है।

 

उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने ‘मोक्षदायिनी श्रीभागवत रसधारा’ पुस्तक लिखी थी। अब ‘शिवमहापुराण रसामृत’ के माध्यम से भगवान शिव की महिमा और शिवपुराण के आध्यात्मिक पक्ष को पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया है। इसके साथ ही रामकथा पर आधारित एक अन्य पुस्तक के लेखन का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। उनका प्रयास है कि श्रीमद्भागवत, शिवमहापुराण और रामकथा जैसे प्रमुख धार्मिक ग्रंथों के जीवनोपयोगी संदेश सरल भाषा में समाज तक पहुंचें।

 

ये रहे मौजूद

 

समारोह में जिला जज बुलाकीदास व्यास, सीए महेंद्र चूरा, बाबूलाल पारीक, रामकुमार पारीक, महेश कुमार पारीक, सुनील कुमार व्यास, राजेश व्यास, विनोद पारीक, पंडित मनीष भारद्वाज, अविनाश व्यास, बृजगोपाल पांडिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने लेखक को पुस्तक प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

17.95 करोड़ के विकास से बदली रतनगढ़ स्टेशन की तस्वीर, DRM गौरव गोविल ने परखी यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्थाएं

  बीकानेर। रेलवे में यात्री सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षित रेल संचालन को लेकर मंडल र…