बीकानेर, 16 नवम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में बी.टेक. डेयरी टेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की नई शैक्षणिक यात्रा का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 16 नवम्बर से 2 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दो सप्ताह के दीक्षारंभ सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पंकज कुमार थानवी के संबोधन से हुआ। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के नए वातावरण में पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
डॉ. थानवी ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों तथा डेयरी टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में रोजगार, उद्यमिता और नवाचार की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण से जोड़ने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
दो सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेलकूद सुविधाओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यावसायिक दक्षताओं के विकास पर विशेष जोर रहेगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सोनिया मोर ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षण एवं अशैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुसंधान, नवाचार और व्यावहारिक कौशल की दिशा में प्रेरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है।
