बीकानेर, 16 नवम्बर। भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना के वातावरण में श्री जी द ग्रुप ऑफ आर्ट्स की ओर से गहलोत मोहल्ला, श्रीरामसर स्थित शिव-पार्वती मंदिर के माली समाज भवन में आयोजित तीन दिवसीय ‘भक्तमाल रस उत्सव’ का सोमवार को भव्य पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। श्री धाम बरसाना से पधारे श्री हनुमान बाबा महाराज ने अपने श्रीमुख से संतों एवं भक्तों के जीवन चरित्रों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम, सत्य और समर्पण का संदेश दिया।
आयोजन से जुड़े श्रवण गहलोत ने बताया कि अंतिम दिन महाराज श्री ने अपने प्रवचनों में कहा कि जिस भक्त के मन में ईश्वर के अतिरिक्त किसी अन्य का सहारा नहीं होता, उसकी रक्षा भगवान स्वयं करते हैं। उन्होंने भक्त प्रहलाद, नरसी मेहता, मीराबाई और द्रौपदी के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि सच्ची श्रद्धा और अनन्य भक्ति के सामने भगवान स्वयं अपने भक्तों की रक्षा के लिए प्रकट होते हैं।
महाराज श्री ने भक्त शिरोमणि कबीरदास और संत पीपाजी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी घटनाओं का वर्णन करते हुए कहा कि कबीरदास जी ने अपनी निश्छल भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलकर समाज को प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। वहीं भक्त चिड़ड़ (चीड़ रानी) की अनन्य भक्ति का मार्मिक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भक्त की सच्ची निष्ठा और प्रेम से प्रभावित होकर संत पीपाजी एवं सीता सहचरी स्वयं उनके घर पधारे थे। इस प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और पूरा पंडाल भक्तिरस से सराबोर हो उठा।
तीन दिवसीय इस आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया। समापन अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें गोपाल मारू, अर्जुन गहलोत, श्रवण गहलोत, कैलाश गहलोत, वसुंधरा आचार्य, श्याम पंवार, महावीर गहलोत, नंदकिशोर गहलोत, महेश पंवार, यशवंत, अजय सांखला, प्रथम, जितेंद्र और लकी सहित अनेक भक्तों ने श्रद्धाभाव से भाग लिया।
इस अवसर पर श्रवण गहलोत एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने बीकानेर के प्रसिद्ध कलाकार आदित्य बिस्सा द्वारा तैयार महाराज श्री के गुरु श्री राजेंद्र दास जी महाराज (मलूक पीठ) का चित्र भेंट किया। साथ ही दुपट्टा पहनाकर श्री हनुमान बाबा महाराज का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
गोपाष्टमी पर आज गौ-पूजन एवं संतों के आशीर्वचन का आयोजन
श्री गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला में 17 नवंबर को होगा धार्मिक कार्यक्रम, श्री हनुमान बाबा महाराज रहेंगे सानिध्य में
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर 17 नवंबर 2026, मंगलवार को गजनेर रोड स्थित श्री गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला, बीकानेर में भव्य गौ-पूजन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालक देव किशन चांडक ‘देव श्री’ ने बताया कि श्री धाम बरसाना के श्री हनुमान बाबा महाराज के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में गौ-माता का विधिवत पूजन किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को संतों के आशीर्वचन प्राप्त होंगे।
देव श्री ने बताया कि गोपाष्टमी पर गौ-सेवा और गौ-पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन गौ-माता की पूजा-अर्चना एवं सेवा को पुण्यदायी माना जाता है। उन्होंने शहर के समस्त गोभक्तों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गौ-पूजन कार्यक्रम में सहभागी बनने और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
