कूडो नेशनल टूर्नामेंट में राजस्थान का दमदार प्रदर्शन, 200 पदक जीतकर हासिल किया राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान; तनिष्क सैन को अक्षय कुमार ने किया सम्मानित

बीकानेर, 20 नवंबर। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित 17वीं कूडो नेशनल टूर्नामेंट, 7वीं कूडो फेडरेशन कप एवं 18वीं अक्षय कुमार कूडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट में राजस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। राजस्थान की टीम ने दोनों राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 200 पदक जीतकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं बीकानेर के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में 70 पदक जीतकर शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के दौरान बीकानेर के खिलाड़ी तनिष्क सैन को बॉलीवुड सुपरस्टार एवं कूडो इंडिया के चेयरमैन अक्षय कुमार ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।

 

युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त किफी एसोसिएशन की ओर से 12 से 18 नवंबर तक वीर सावरकर स्टेडियम, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों के 5 हजार से अधिक कूडो खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 200 से अधिक अधिकृत रेफरी एवं ऑफिशियल भी मौजूद रहे।

 

कूडो राजस्थान की सचिव सेन्सेई अरुणा पटेल ने बताया कि राजस्थान की टीम ने 17वीं कूडो नेशनल टूर्नामेंट में 40 स्वर्ण, 30 रजत एवं 30 कांस्य पदक तथा 7वीं कूडो फेडरेशन कप में 32 स्वर्ण, 26 रजत एवं 42 कांस्य पदक सहित कुल 200 पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश की टीम प्रथम स्थान पर रही। 17वीं कूडो नेशनल में महाराष्ट्र तथा 7वीं कूडो फेडरेशन कप में गुजरात की टीम तीसरे स्थान पर रही।

 

बीकानेर के खिलाड़ियों ने जीते 70 पदक

 

बीकानेर कूडो टीम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में 19 स्वर्ण, 20 रजत एवं 31 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक हासिल किए।

 

स्वर्ण पदक विजेताओं में तनिशा, सैमिया मौर्य, डिंपल, यानवी, दीपशिखा, तुभ्यम बैद, नैतिक, कुनाल सुथार, मानवी भाटी, तेजस, चिरंजीव तिवारी एवं नंदिनी जोशी शामिल रहे।

 

रजत पदक विजेताओं में मानाशवी, पारुल, आदया, आरोही शर्मा, रितिका सारण, पुरवांशी जोशी, सक्षम मौर्य, राघव माधव, निश्वन्त व्यास एवं विराट पंडित ने उपलब्धि हासिल की।

 

कांस्य पदक विजेताओं में गुंजन आचार्य, ट्वीशा तंवर, दिव्या शर्मा, अंकिता मारू, प्रियदर्शनी शेखावत, भावना जोशी, हिमांशी शर्मा, शशि गहलोत, खुश सांड, मोहित प्रजापत, प्रद्युमन सिंह, हरीश शर्मा, सुशान भारवानी एवं नीलकंठ शामिल रहे।

 

अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

 

कूडो राजस्थान की अध्यक्ष सेन्सेई सोनिका सैन ने बताया कि सात दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत, कूडो इंडिया के मुख्य कोच हांशी मेहुल वोरा एवं शिहान विस्पी खराड़ी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को चार दिन पहले ही डिजिटल आई कार्ड के माध्यम से उनकी फाइट की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई गई। साथ ही सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण भी किया गया।

 

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड सुपरस्टार एवं कूडो इंडिया के चेयरमैन शिहान अक्षय कुमार, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, हांशी मेहुल वोरा, शिहान विस्पी खराड़ी, शिहान जस्मिन मकवाना, कूडो इंडिया अध्यक्ष सेन्सेई मेघा वोरा एवं सचिव सेन्सेई फरजाना खराड़ी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।

 

बीकानेर के खिलाड़ी तनिष्क सैन को अक्षय कुमार, हांशी मेहुल वोरा एवं अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने पदक पहनाकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

 

बीकानेर पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

 

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बीकानेर लौटे खिलाड़ियों का परिजनों एवं स्थानीय खिलाड़ियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ माला पहनाकर स्वागत किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्था के पदाधिकारी देवेंद्र कुमार बिश्नोई, नगेन्द्र सिंह शेखावत, गजेन्द्र सिंह राठौड़, श्रीभगवान मारू, ज्योतिप्रकाश रंगा, नवरतन अग्रवाल, दिव्या डुमरा, नीलम जौहरी एवं सुषमा रॉय ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

कूडो राजस्थान की अध्यक्ष सेन्सेई सोनिका सैन ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को राजस्थान और बीकानेर के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण बताया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

रेल कर्मचारियों की मांगों पर बीकानेर में NWREU का शक्ति प्रदर्शन, डीआरएम कार्यालय के बाहर गरजे कर्मचारी

  बीकानेर, 20 नवंबर। रेल कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान को लेकर नॉर्थ …