आधुनिक खेती और पोषण वाटिका का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ेंगी महिला किसान

बीकानेर, 26 नवंबर। कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, लूणकरणसर में एसएम सहगल फाउंडेशन के सहयोग से महिला किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 69 महिला किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन, उत्पादन वृद्धि और घरेलू पोषण को बेहतर बनाने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

 

प्रशिक्षण सत्र में डॉ. आर.के. शिवरान ने महिला किसानों को खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी देते हुए फसलों की समुचित देखभाल, बेहतर उत्पादन और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर खेती को अधिक लाभकारी और प्रभावी बनाया जा सकता है।

 

वहीं, डॉ. बी.एस. खेरावत ने किचन गार्डनिंग यानी पोषण वाटिका के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि घर के आंगन अथवा उपलब्ध छोटी सी जगह में मौसमी सब्जियां उगाकर परिवार को ताजी, सुरक्षित और पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराई जा सकती हैं। पोषण वाटिका में जैविक खाद का उपयोग करने से सब्जियों की गुणवत्ता बेहतर होती है। साथ ही परिवार के पोषण स्तर में सुधार और बाजार से सब्जियां खरीदने पर होने वाले खर्च में भी कमी आती है।

 

कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया और किचन गार्डन तैयार करने, सब्जियों की देखभाल तथा व्यावहारिक समस्याओं को लेकर सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उपयोगी सुझाव दिए।

 

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान वेदप्रकाश (लक्ष्मीनारायणसर), मांगीलाल (264 आरडी), स्योपत राम (नाथवाना) एवं लालचंद (कांकड़वाला) सहित अन्य किसानों की सहभागिता रही।

 

इस अवसर पर एसएम सहगल फाउंडेशन की ओर से प्रोजेक्ट लीड पुरुषोत्तम जांगिड़, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर नरेंद्र पूनिया तथा फील्ड असिस्टेंट जयदेव एवं मेघराज उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों को कृषि संबंधी ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर खेती के साथ-साथ परिवार के पोषण एवं आर्थिक बचत के प्रति जागरूक करना रहा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

बीकानेर में सजेगा भक्ति और आस्था का भव्य दरबार, 17 दिसंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन

Spread the love …