बीकानेर, 26 नवंबर। भारतीय संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए बीकानेर रेल मंडल में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान संविधान की उद्देशिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि संवैधानिक मूल्य केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि दैनिक कार्यप्रणाली और कार्यसंस्कृति में भी उनकी झलक दिखाई देनी चाहिए।
निबंध प्रतियोगिता से संवैधानिक मूल्यों पर हुआ मंथन
रेल कर्मचारियों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मंडल स्तर पर नवाचार करते हुए ‘भारतीय संविधान : समानता का अधिकार, भारतीय रेलवे और समावेशी विकास की यात्रा’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को समानता के अधिकार, सामाजिक समरसता और देश के समावेशी विकास में भारतीय रेलवे की भूमिका पर अपने विचार रखने का अवसर मिला।
आयोजन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी, मंडल सुरक्षा आयुक्त बी.पी. कुशवाहा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजय सिंह सेंगर, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूक करने के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन में न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
