बीकानेर, 28 नवंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवबाड़ी में शनिवार को आयोजित रात्रि चौपाल शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालय विकास पर सार्थक संवाद का मंच बनी। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) बीकानेर श्री रामगोपाल शर्मा ने शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना।
चौपाल में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, शिक्षा की गुणवत्ता, नियमित उपस्थिति, विद्यालयी अनुशासन, अभिभावकों की भागीदारी और विद्यालय के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार केवल शिक्षकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें अभिभावकों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी आपसी समन्वय से कार्य करें तो शैक्षणिक परिणामों में बेहतर सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के विचारों को गंभीरता से सुना और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती बबीता बिश्नोई, उपप्राचार्य श्रीमती अनुपमा शर्मा, श्री रामकिशन मान, राजनीति विज्ञान के व्याख्याता श्री अमरदीप गोदारा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
रात्रि चौपाल के माध्यम से विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया।
