बाल अधिकारों की गूंज से गूंजा मेघासर, जागरूकता के साथ मनाया बाल दिवस

बीकानेर। बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बच्चों को उनके कानूनी संरक्षण की जानकारी देने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के उद्देश्य से 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत मेघासर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान महिला कल्याण मंडल एवं ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ की ‘एक्सेस टू जस्टिस’ परियोजना, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों को बाल हितों से जुड़े कानूनों, अधिकारों एवं संरक्षण योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत मेघासर के सरपंच सुरजाराम ने बच्चों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य शिक्षा से ही संभव है। इसके लिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा के प्रति गंभीर रहें।

 

इस अवसर पर संस्था की रेड एंड रेस्क्यू कोऑर्डिनेटर पिंकी जनागल एवं फील्ड कोऑर्डिनेटर बाबूलाल ने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इस सामाजिक कुरीति की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

कार्यक्रम के दौरान किसी भी बच्चे के संकट या सहायता की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के टोल-फ्री नंबर 1800-102-7222 की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता प्राप्त की जा सके।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान सुनील मेघवाल, आंगनबाड़ी सहायिका निरमा, राधा देवी, सौंदरा देवी, सोमा देवी, संतोष देवी, ज्योति, चंद्रप्रकाश सहित गांव के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के साथ केक काटकर बाल दिवस की खुशियां साझा की गईं तथा सभी बच्चों को टॉफियां वितरित की गईं। जागरूकता, सहभागिता और उल्लास के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने बाल अधिकारों की रक्षा एवं बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

17.95 करोड़ के विकास से बदली रतनगढ़ स्टेशन की तस्वीर, DRM गौरव गोविल ने परखी यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्थाएं

  बीकानेर। रेलवे में यात्री सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षित रेल संचालन को लेकर मंडल र…