बीकानेर, 26 नवंबर 2026। संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और नागरिक कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से राजकीय डूंगर महाविद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर राजनीतिक विज्ञान परिषद की ओर से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्र का संविधान सर्वोपरि है। प्रत्येक नागरिक को अपने संविधान की जानकारी होनी चाहिए तथा देश में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसकी मूल भावना को समझना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. पुरोहित ने पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही राजनीतिक विज्ञान परिषद के माध्यम से स्थापित बुक बैंक की ओर से विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित की गईं।
प्रश्नोत्तरी में एमए के विद्यार्थियों ने मारी बाजी
‘संविधान को जानो’ विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में टीम एच (एमए) के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम सी (बीए प्रथम सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा टीम सी (सेमेस्टर तृतीय) ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में डॉ. प्रेरणा महेश्वरी, डॉ. मैना निर्वाण, डॉ. सुनीता गोयल, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. संदीप महला एवं डॉ. सुनील पूनिया ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रावधानों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया।
