अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध जरूरी, एमजीएसयू में संविधान दिवस पर हुआ मंथन

 

बीकानेर, 26 नवंबर। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में बुधवार को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्कूल ऑफ लॉ, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की विश्वविद्यालय इकाइयों एवं विधिक कार्य बीकानेर महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और मूल कर्तव्यों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम के संरक्षक एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य नरसी राम बिश्नोई रहे। समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की सचिव मांडवी राजवी मुख्य अतिथि तथा बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रारंभ में स्कूल ऑफ लॉ के निदेशक डॉ. प्रभुदान चारण ने अतिथियों का स्वागत किया तथा संविधान दिवस की प्रासंगिकता और आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

 

विशिष्ट अतिथि एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने संविधान निर्माण में बीकानेर के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि मांडवी राजवी ने निःशुल्क विधिक सहायता तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका की जानकारी दी।

 

कुलगुरु आचार्य नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि संविधान में निहित मूल कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवनशैली में भी अपनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा शैक्षणिक गतिविधियों में जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार युवा ही सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव बनते हैं।

 

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

 

समारोह के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दिग्विजय सिंह ने प्रथम, नंदिनी पुरोहित ने द्वितीय तथा ग्लोरी अस्थाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में नंदिनी पुरोहित एवं तान्या शर्मा ने प्रथम, तेजाराम राईका एवं तान्या अग्रवाल ने द्वितीय तथा माधव व्यास एवं कनिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को कुलगुरु एवं अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

 

आयोजन में सह-आयोजक संस्था विधिक कार्य बीकानेर महानगर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर उपकुलसचिव डॉ. बिट्ठल दास बिस्सा, प्रो. अनिल छंगाणी, डॉ. अभिषेक वशिष्ठ, डॉ. गौतम मेघवंशी, डॉ. संतोष शेखावत, डॉ. फौजा सिंह, डॉ. दुर्गा चौधरी, डॉ. कप्तान चंद, डॉ. सुमन चौधरी, डॉ. सुमन सोढ़ा, डॉ. सीमा जैन, डॉ. प्रदीप कच्छावा, राहुल यादव, दया प्रजापति, मोनिका पंवार, आयुष शर्मा सहित विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, विधिक कार्य बीकानेर महानगर के पदाधिकारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का संचालन वर्षा पंवार ने किया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी डॉ. प्रगति सोबती ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

संविधान दिवस पर उद्देशिका का वाचन, संविधान को बताया भारत की आत्मा

  बीकानेर, 26 नवम्बर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय में संवि…