बीकानेर, 28 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर की ओर से विश्वविद्यालय सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत गोद लिए गए ग्राम बम्बलू में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
महाविद्यालय के डीन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि विश्वविद्यालय सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श उनकी बेहतर जीवन गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और निवारक चिकित्सा को बढ़ावा देने में उपयोगी साबित होते हैं।
शिविर का आयोजन डॉ. संजय सिंह, समन्वयक, विश्वविद्यालय सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्देशन में आयुर्वेद विभाग, बीकानेर के सहयोग से किया गया। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार सिंघारिया ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। जांच के बाद उपस्थित बुजुर्गों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां भी वितरित की गईं।
शिविर के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत के सरपंच डालूराम कूकणा ने सहयोग प्रदान किया। यह पहल ग्रामीण बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने और उनके बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
