बीकानेर। दीपावली के उल्लास और देव दिवाली के पावन अवसर के बीच टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के सदस्यों ने गौसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए कानासर रोड स्थित गोकुल गौधाम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने अपने हाथों से गौमाता को करीब 1500 किलोग्राम हरा चारा, ताजी सब्जियां एवं आयुर्वेदिक पशु आहार के लड्डू खिलाए।
सेवा कार्यक्रम के दौरान गौमाता के लिए हरे चारे के साथ गोभी, आलू, घीया, टमाटर और तरबूज सहित विभिन्न ताजी सब्जियों की व्यवस्था की गई। टीम के सदस्यों ने पूरे सेवाभाव और श्रद्धा के साथ गौमाता को अपने हाथों से आहार खिलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य गौसेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और सेवा कार्यों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में टीम के सदस्य लक्ष्मण रामावत, पंकज कंसल, प्रकाश सामसुखा, सुनील कंसल, गोविंद भांभू, सन्नी अग्रवाल, लक्ष्य गहलोत, गीतिका गहलोत, डॉ. अभिमन्यु चौहान, साकिर (मीडिया रिपोर्टर), विजय चौधरी सहित फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य दिलीप गुप्ता उपस्थित रहे। वरिष्ठ समाजसेवी सतपाल कंसल एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरस फाउंडेशन की चेयरपर्सन पिंकी शर्मा ने भी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर टीम की ओर से गौधाम के संस्थापक विजय सिंह को उपहार स्वरूप आटा एवं चावल भेंट किए गए। वहीं संस्था की सदस्य गीतिका को उनके सेवा कार्यों के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उनके आगामी शुभ मंगल पाणिग्रहण संस्कार के लिए संस्था के सदस्यों ने मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
गौधाम के संस्थापक विजय सिंह ने टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा गौधाम की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव है। गौमाता की सेवा के साथ जरूरतमंदों एवं समाज के प्रति समर्पण ही सच्चे अर्थों में सेवा परमो धर्म की भावना को सार्थक करता है।
