देवउठनी एकादशी पर श्याममय हुआ बीकानेर, 11 किलो के केक से मनाया बाबा का जन्मोत्सव

 

बीकानेर, 20 नवंबर। देवउठनी एकादशी पर बीकानेर के जयपुर रोड स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर में आस्था, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। सर्द मौसम के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। फूलों से सजे बाबा के अलौकिक दरबार, भक्ति संगीत, 11 किलो के कलाकंद केक से जन्मोत्सव और श्रद्धालुओं के जयकारों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।

 

बाबा के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर में विशेष सजावट की गई। देश के विभिन्न शहरों से मंगवाए गए रंग-बिरंगे फूलों से मंदिर परिसर और गर्भगृह को आकर्षक रूप दिया गया। फूलों की मनमोहक सजावट और रंगीन रोशनी के बीच बाबा श्याम का दरबार अलौकिक नजर आया। बाबा का विशेष पुष्प श्रृंगार चेतन शर्मा एवं किशन जोशी ने किया।

 

सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिन चढ़ने के साथ लगातार बढ़ता गया। बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन करने पहुंचे। कई श्रद्धालु नंगे पैर पैदल चलकर दरबार में हाजिरी लगाने आए। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए बाबा के समक्ष अरदास लगाई। दिनभर मंदिर परिसर में ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे गूंजते रहे।

 

केक, गुलाब और इत्र लेकर पहुंचे भक्त

 

बाबा के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की अनूठी भक्ति देखने को मिली। कोई जन्मदिन का केक लेकर पहुंचा तो किसी के हाथ में गुलाब का फूल था। भक्त इत्र, लड्डू और नारियल लेकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते नजर आए। महिलाओं एवं पुरुषों ने अपने नन्हे बच्चों को लड्डू गोपाल के स्वरूप में सजाकर गोद में लेकर दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने मंदिर में नारियल बांधकर मनोकामनाएं मांगी और विश्वास के साथ अरदास की पर्चियां बांधीं।

 

11 किलो कलाकंद केक काटकर मनाया जन्मोत्सव

 

जन्मोत्सव के विशेष अवसर पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से 11 किलो का आकर्षक कलाकंद केक तैयार करवाया गया। आरती के दौरान बाबा श्याम के जन्मदिन की खुशियां केक काटकर मनाई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान कर दिया। केक को बाद में प्रसाद के रूप में भक्तों में वितरित किया गया। जन्मोत्सव के इस विशेष आयोजन में श्रद्धालुओं ने बाबा को जन्मदिन की बधाइयां देते हुए परिवार एवं समाज की खुशहाली की कामना की।

 

भजनों पर झूमे श्रद्धालु, महिलाओं ने किया भक्ति नृत्य

 

मंदिर परिसर में दिनभर श्याम भजनों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं। भजन गायन के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। ‘बदल देता तो किस्मत, बात झूठी नहीं… बाबा, तुमसा दयालु कोई नहीं’ भजन ने भक्तों को भावनाओं से भर दिया। वहीं ‘कन्हैया, एक नजर जो आज तुझको देखता होगा, मेरे सरकार को किसने सजाया सोचता होगा’ भजन ने बाबा के मनमोहक पुष्प श्रृंगार की सुंदरता को भक्ति के रंग में रंग दिया।

 

भजनों की धुन पर महिलाएं समूह में भक्ति नृत्य करती नजर आईं। युवाओं सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी संगीत की स्वर लहरियों पर झूमकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। किसी ने हाथ जोड़कर बाबा के समक्ष अरदास की तो कोई भक्ति में भाव-विभोर होकर जयकारे लगाने लगा।

 

सेल्फी बूथ पर भी दिखा उत्साह

 

जन्मोत्सव पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक सेल्फी बूथ बनाया गया। फूलों से सजे दरबार और रंगीन रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने परिवार एवं मित्रों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में इस विशेष आयोजन की यादों को कैमरे में कैद करने का उत्साह दिखाई दिया।

 

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं

 

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। ट्रस्ट अध्यक्ष के.के. शर्मा, ट्रस्टी सुरेश अग्रवाल बस एवं ओम जिंदल व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। मंदिर सचिव सुरेश भसीन अस्वस्थ होने के बावजूद फोन के माध्यम से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

 

देवउठनी एकादशी पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव बीकानेर में श्रद्धा और भक्ति का यादगार पर्व बन गया। सुबह से देर शाम तक दर्शन, प्रसाद और भजनों का सिलसिला जारी रहा। फूलों से सजा दरबार, बाबा का अलौकिक श्रृंगार, 11 किलो कलाकंद केक, भक्ति नृत्य और श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे आयोजन की विशेष आकर्षण रहे। बाबा श्याम के प्रति भक्तों की अटूट आस्था ने मंदिर परिसर को भक्ति और विश्वास के रंग में सराबोर कर दिया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

रेल कर्मचारियों की मांगों पर बीकानेर में NWREU का शक्ति प्रदर्शन, डीआरएम कार्यालय के बाहर गरजे कर्मचारी

  बीकानेर, 20 नवंबर। रेल कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान को लेकर नॉर्थ …