बीकानेर। प्रतिभा, मेहनत और पेशेवर दक्षता के दम पर बीकानेर के सीए अश्विनी कुमार व्यास ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रतिष्ठित टॉप-50 सीएफओ एवं वित्तीय नेतृत्वकर्ताओं में शामिल होकर उन्होंने बीकानेर का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल शहर, बल्कि पुष्करणा समाज में भी खुशी और उत्साह का माहौल है।
सीए अश्विनी कुमार व्यास एंकर एलाइड कंपनी में मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के पद पर कार्यरत हैं। यूएई के शीर्ष 50 सीएफओ में स्थान हासिल करना उनकी व्यावसायिक उत्कृष्टता, कुशल नेतृत्व क्षमता और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की महत्वपूर्ण पहचान है।
व्यास को 25 नवंबर को दुबई में आयोजित प्रतिष्ठित CFO ऑनर्स अवार्ड समारोह में सम्मानित किया गया। दुबई मरीना स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय समारोह में वित्तीय जगत से जुड़े अनेक वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में आईएमए दुबई चैप्टर के अध्यक्ष कौशर असरफ भी प्रमुख रूप से जुड़े रहे।
बीकानेर में जन्मे अश्विनी कुमार व्यास की यह उपलब्धि स्थानीय प्रतिभाओं की अंतरराष्ट्रीय पहचान और सफलता का उदाहरण है। वित्तीय क्षेत्र में अपनी मेहनत और कार्यक्षमता के दम पर उन्होंने वैश्विक मंच पर बीकानेर का नाम रोशन किया है।
उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों एवं शुभचिंतकों सहित एडवोकेट नवल कुमार पुरोहित, फुटबॉलर भरत पुरोहित, केशव पुरोहित, महापौर अनिल कल्ला, बार अध्यक्ष अजय पुरोहित, सीए महेन्द्र चूरा, दिलीप जोशी, वीरेन्द्र किराडू, पुष्टिकर यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीजी बिस्सा, सुभाष जोशी, गिरिराज बिस्सा, दिनेश चूरा, मनोज व्यास, एडवोकेट अजय व्यास, राजेन्द्र जोशी तथा अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र व्यास ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
