
बीकानेर। शिक्षा विभाग की ओर से 20 से 26 सितंबर तक आयोजित जिला स्तरीय विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में आरएसवी हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 27 स्वर्ण, 12 रजत एवं 14 कांस्य पदक हासिल किए।
विद्यालय के खेल प्रभारी विनय कुमार बिश्नोई ने बताया कि विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 38 छात्र-छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर बीकानेर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अंडर-14 आयु वर्ग में टेबल टेनिस में मिताक्षी शर्मा, ऋषभ जाखड़, पियूष, विनायक बिश्नोई एवं तन्वी वर्मा, फुटबॉल में कृष, पियूष डेलू एवं तेजस, रोलर स्केटिंग में हर्षित जनागल एवं सुमित, लॉन टेनिस में शक्ति सिंह, राइफल शूटिंग में सौरव परिहार, बास्केटबॉल में अंशुमन तथा स्विमिंग में कनव भादू एवं आदित्य सेन का चयन हुआ है।
17 वर्ष तक की आयु वर्ग में टेबल टेनिस के लिए जय मल्होत्रा एवं उषा, रोलर स्केटिंग में करण चौधरी एवं हेमंत आचार्य, आर्चरी में अमन सुथार एवं प्राची, बास्केटबॉल में आरती जांगिड़ एवं रितेश कुमार, ताइक्वांडो में चैताली रॉयल, बैडमिंटन में गर्विता गुप्ता, लॉन टेनिस में लक्ष्य कुमार शर्मा तथा हॉकी में घनश्याम भाकर एवं श्रेयांश मिश्रा का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
इसी प्रकार 19 वर्ष तक के आयु वर्ग में कराटे में गर्वित बिश्नोई, लॉन टेनिस में आरचि गुप्ता एवं आयुषी चौधरी, रोलर स्केटिंग में अस्वी अमल एवं यश यादव, टेबल टेनिस में उन्नति सिंह, बॉक्सिंग में प्रदीप चौधरी, ताइक्वांडो में तमन्ना राठौड़ एवं डैनी गोदारा तथा बास्केटबॉल में रजत लेघा राज्य स्तर पर बीकानेर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय के सीईओ आदित्य स्वामी एवं प्रधानाचार्य रविंद्र भटनागर ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने तथा निरंतर मेहनत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि चयनित विद्यार्थी विद्यालय में संचालित निशुल्क स्पोर्ट्स अकादमी में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अकादमी के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और बीकानेर का नाम रोशन कर रहे हैं।