40 ग्राम चांदी का सिक्का, भारत माता की तस्वीर और प्रार्थना की धुन… नारायण चोपड़ा को मिला अनूठा उपहार

बीकानेर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष की स्मृति में तैयार किया गया विशेष चांदी का स्मारक सिक्का इन दिनों अपनी अनूठी बनावट और खास प्रस्तुति को लेकर चर्चा में है। इस विशिष्ट सेट की खासियत केवल 40 ग्राम वजनी चांदी का सिक्का ही नहीं, बल्कि इसकी ऐसी आकर्षक पैकेजिंग भी है, जिसे खोलते ही संघ की प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की मधुर धुन सुनाई देती है। बीकानेर के पूर्व महापौर एवं भाजपा नेता नारायण जी चोपड़ा को भी यह विशेष स्मारक सेट प्राप्त हुआ है।

 

वर्ष 2025 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत माता के विशेष चित्र से अलंकृत 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया गया था। इसी शताब्दी वर्ष की स्मृति में तैयार किया गया यह विशिष्ट सेट अपने विशेष स्वरूप के कारण संग्रहकर्ताओं और संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

 

नारायण जी चोपड़ा को प्राप्त इस सेट को खूबसूरत सागवान की लकड़ी से बने विशेष बॉक्स में सुरक्षित रखा गया है। बॉक्स के भीतर भगवा रंग की एक्रिलिक प्लेट लगाई गई है। इसके एक ओर भारत माता का चित्र अंकित है, जबकि दूसरी ओर शताब्दी वर्ष का विशेष चांदी का सिक्का सुशोभित है। इसकी प्रस्तुति को और खास बनाता है बॉक्स में लगा म्यूजिक सिस्टम। जैसे ही बॉक्स खोला जाता है, संघ की प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की धुन गूंजने लगती है।

 

जानकारी के अनुसार, यह विशेष सेट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से नारायण जी चोपड़ा को भेजा गया है। बचपन से ही संघ से जुड़े चोपड़ा संगठन के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रहे हैं। बीकानेर में इस विशिष्ट सेट को प्राप्त करने वाले वे प्रथम व्यक्ति बताए जा रहे हैं।

 

इस विशेष उपहार को लेकर नारायण जी चोपड़ा ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कोलकाता टकसाल के विशेष जूट के थैले में सुरक्षित लकड़ी के खूबसूरत बॉक्स को खोलना उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। बॉक्स खुलते ही भगवा रंग की प्लेट पर भारत माता का चित्र और शताब्दी वर्ष का चांदी का सिक्का दिखाई दिया तथा उसी क्षण संघ की प्रार्थना की धुन सुनाई देने लगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सिक्का नहीं, बल्कि संघ की सौ वर्ष की यात्रा, राष्ट्रभावना और संगठन के प्रति समर्पण की स्मृति को संजोने वाला विशेष संग्रहणीय उपहार है।

 

नारायण जी चोपड़ा ने इस विशिष्ट सेट के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा इस स्मारक सिक्के का निर्माण करने वाली कोलकाता टकसाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे प्राप्त कर प्रसन्नता जाहिर की।

 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर यह विशिष्ट स्मारक सेट अपनी कलात्मक प्रस्तुति, भारत माता के चित्र और प्रार्थना की मधुर धुन के चलते शताब्दी वर्ष की यादगार निशानी बन गया है।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

घर में खड़ी मोटरसाइकिल और झोपड़ी में आग लगाने का आरोपी गिरफ्तार, कोलायत पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

  बीकानेर। कोलायत थाना पुलिस ने घर में खड़ी मोटरसाइकिल और झोपड़ी में आग लगाकर सामान ज…